Teena yadav

लाइब्रेरी में जोड़ें

दिलरस

पतझर आ गया था।


उस पेड़ पर एक भी पत्ता नहीं बचा था। बाजरे की कलगी के एक-एक दाने को जैसे तोता निकाल लेता है, उसी तरह पतझर ने हर पत्ते को अलग कर दिया था। पेड़ की पूरी कत्थई शाखाएं बिलकुल नंगी थीं। ओस की बूंदों में भीगने के बाद उसकी खुरदुरी, गड्ढेदार पुरानी छाल धूप में बहुत साफ दिखती थी।

लड़का सुबह छत पर गमले के पौधो को पानी देने आया। उसकी निगाह पेड़ पर पड़ी। उसने पहली बार पेड़ को इस तरह नंगा देखा था। हालांकि पतझर हर साल आता था, हर साल बाजरे की कलगी की तरह उसका हर पत्ता अलग कर देता था, हर साल उसकी शाखाएं इसी तरह नंगी हो जाती थीं, पर लड़के की निगाह नहीं पड़ी थी। इस साल पड़ी थी। उसने इतना बड़ा, ऊंचा और ऐसा बिना पत्तों वाला पेड़ भी पहले कभी नहीं देखा था। इस साल देखा था। उसकी भूरी, कत्थई शाखाएं उसे मेलों में आने वाले तपस्वी की जटाओं की तरह लगीं। पौधें को पानी देना भूलकर वह उन जटाओं को देखने लगा।

पेड़ को देखते हुए, उसकी नजर शाखाओं के बीच की खाली जगह पर गई। खाली जगह से उसे कुछ दूर पर एक आंगन का चौकोर हिस्सा दिखा। उस चौकोर हिस्से पर एक लड़की खड़ी थी। वह भी हैरानी से पेड़ को उधर से देख रही थी। नंगी शाखाओं की खाली जगह से उसे भी देख रही थी। दो लोग एक साथ एक ही समय उन कत्थई भूरी शाखाओं को देख रहे थे जिन्हें उन्होंने पहले कभी नहीं देखा था। उन शाखाओं के बीच से वे एक दूसरे को भी देख रहे थे, एक-दूसरे को उन्होंने पहले कभी नहीं देखा था।

लड़की रस्सी पर सूखते कपड़े उठाने आई थी। कपड़े उठाकर वह चली गई। उसके जाने के बाद आंगन की चौकोर जगह खाली हो गई। लड़के ने अब पूरे आंगन को देखा। एक ओर किनारे पर नीची छत थी। उस पर बड़ा-सा धुआंरा बना था। वह जरूर रसोई होगी लड़के ने सोचा। दूसरी ओर उतनी ही नीची छत वाली कोठरियां बनी थीं। वह जरूर अनाज और दूसरे सामान रखने की जगह होगी, लड़के ने सोचा। तीसरी ओर कम ऊंचाई वाला नल लगा था। इस पर कपड़े धोए जाते होंगे, लड़के ने सोचा। चौथी ओर रस्सी बंधी थी। उस पर कपड़े सूखते थे। लड़के ने देखा था। पेड़ के टूटे मटमैले पत्ते रसोई और कोठरियों की छतों पर पड़े थे। वे बहुत ज्यादा थे। इतने ज्यादा कि उन्होंने छत को ढक लिया था। इतने ज्यादा लड़के ने सिर्फ तारे देखे थे। वे भी कभी-कभी आसमान को ढक लेते थे। पत्ते एक दूसरे के ऊपर लदे हुए थे। तारे एक दूसरे के ऊपर नहीं लदते होंगे लड़के ने सोचा। लड़की के जाने के बाद आंगन का वह चौकोर हिस्सा बहुत खाली लग रहा था। लड़के ने लड़की को ठीक से नहीं देखा था। वह सोच रहा था। पौधें के पानी देने से पहले लड़की एक बार और आ जाए तो उसे ठीक से देख ले। लड़की अचानक आंगन में आ गई। उसी जगह खड़ी होकर गीले कपड़े सुखाने लगी। ऐसा करते हुए वह शाखाओं के पार लड़के को देख रही थी। इस बार लड़के ने उसे ठीक से देखा। वह उसकी उम्र की ही थी। कसी देह वाली। भरे बादल जैसी सांवली। उसके खुले बाल कंधों पर गिरे हुए थे। लड़की ने अभी रात को सोने वाले कपड़े ही पहने हुए थे। पीले फूलों वाला एक ढीला पायजामा और उन्हीं फूलों वाली एक ऊंची कमीज। दोनों एक ही कपड़े से बने थे। कमीज कुछ ज्यादा ऊंची थी। वह कमर के नीचे के भारीपन को ढक नहीं पा रही थी।

लड़की सोकर उठी थी। उसके कपड़ों पर अभी रात की सलवटें थीं। उसकी चाल में आलस्य था। तीसरा कपड़ा सुखाते हुए उसने दो बार जमुहाई ली। जमुहाई लेते समय दोनों बार उसका मुंह थोड़ा ही खुला। लड़के को उसके दांत नहीं दिखे। अनार के दानों की तरह होंगे लड़के ने यूं ही सोच लिया। लड़की जब रस्सी पर कपड़े टांगती तो उसकी बांहें उठ जातीं। उठी बांहों के नीचे लड़के ने होली के पानी भरे दो छोटे गुब्बारे देखे। गोल कलाइयों पर दो डोरे बंधे देखे।

जब तक लड़की कपड़े सुखाती रही, शाखाओं के बीच से लड़के को देखती रही। लड़का भी शाखाओं के बीच से लड़की को देख रहा था। उसने पहले कभी कपड़े सुखाती लड़की नहीं देखी थी। लड़के को लगा कि वह रस्सी पर कपड़े कुछ जल्दी डाल सकती थी। लड़की देर कर रही थी। कुछ देर में लड़की ने सब कपड़े रस्सी पर फैला दिए। तभी पेड़ की शाख से रसोई की छत पर एक मोटा बंदर धम्म से कूदा। लड़की डर कर अंदर भाग गई। लड़के ने बंदर को एक गाली दी, फिर गमले के पौधो में पानी डालने लगा।

लड़का दसवें पौधे को पानी दे रहा था, उसने ‘हट... हट...’ की आवाज सुनी। उसने घूमकर देखा। आंगन के कोने में लड़की एक छोटी लकड़ी लिए बंदर को भगा रही थी। लड़की डर रही थी कि बंदर कहीं कपड़े न उठा ले। लकड़ी पतली और छोटी थी। बंदर मोटा और जिद्दी था। बंदर पर उसकी ‘हट... हट...’ का कोई असर नहीं पड़ा। सूखे पत्तों के बीच उसे एक रोटी मिल गई थी। रोटी मुंह में दबाकर उसने लकड़ी हिलाती हुई लड़की को एक घुड़की दी। चीखकर लड़की अंदर भाग गई। बंदर हंसता हुआ रोटी चबाने लगा। लड़का हंसता हुआ ग्याहरवें पौधे में पानी देने लगा।

जब तक बंदर बैठा था, लड़की आने वाली नहीं थी। आखिरी पौधे में पानी देने के बाद लड़के के पास खाली समय था। इस खाली समय में लड़के ने मुंडेर पर कोहनियां टिकाईं और पेड़ और उसके चारों ओर देखने लगा। पेड़ बहुत ऊंचा था। उसके नीचे कई छोटे-छोटे घरों की छतें थीं। इन घरों के बाहर बड़ी खुली जगह थी। इसमें लकडि़यों की एक टाल थी। घरों की छतों पर भी पेड़ के टूटे पत्ते पड़े थे। पेड़ कहां से निकला था, यह लड़के की छत से समझ में नहीं आता था। लड़के की छत से लकड़ी का टाल का खुला मैदान दिख रहा था। उसके एक कोने पर कटी हुई लकडि़यों के छोटे-छोटे अलग ढेर लगे थे। एक ओर पेड़ों की पतली, बिखरी हुई टहनियां पड़ी थीं। उनके पास लकडि़यां तौलने का बड़े पलड़े वाला तराजू लटक रहा था। उसके पीछे छोटी कोठरी बनी थी। उस पेड़ की शाखाएं लकड़ी के टाल के कुछ हिस्से तक फैल गई थीं। आंगन इन्हीं के पीछे था। पेड़ के दूसरी ओर एक दीवार के पीछे छोटी-सी खुली जगह दिख रही थी। वहां एक गाय बंधी थी। उसके सामने खाने के लिए मिट्टी का बड़ा नांद रखा था। उसके अंदर चारा पड़ा था। गाय का बछड़ा उससे सटा खड़ा था। चारखाने वाला अंगोछा पहने एक आदमी गाय का दूध निकालने की तैयारी कर रहा था। वहीं से उठता हुआ काला धुआं पेड़ तक आ रहा था।

लड़के को पेड़ का तना उस खुली जगह तक जाता दिख रहा था। फिर दीवार थी। तने के चारों ओर और भी छोटी छतें और दीवारें थीं। पेड़ कहां से निकला था, यह छत से पता नहीं लगता था। बंदर अभी रोटी खा रहा था। आंगन अभी खाली था। लड़के ने नजर घुमाकर आंगन की तरफ देखा। रसोई की छत पर दो बंदर और आ गए थे। पत्तों में रोटी तलाशते हुए वे आंगन की तरफ बढ़ रहे थे। लड़की अब और ज्यादा डर गई होगी, लड़के ने सोचा। बंदरों के जाने के बाद भी अब देर तक वह आंगन में नहीं आएगी। धूप तेज होने लगी थी। लड़का उदास हो गया। उदास होकर वह छत से नीचे आ गया।

दोपहर को लड़का फिर छत पर आया। वह पहले कभी दोपहर को नहीं आया था। उसे छत पर जाते देखकर मां ने टोका। ‘सुबह पौधें को पानी कम दिया था’, लड़का बोला।

‘धूप में पानी देने से पौधे जल जाते हैं’, मां बोली।

लड़के ने मां की बात नहीं मानी। वह छत पर आ गया। उसने आंगन की तरफ देखा। आंगन खाली था। कुछ देर धूप में खड़ा वह आंगन देखता रहा। अचानक उसे लड़की दिखी। सिर झुकाए रसोई से निकली और आंगन से होती हुई दूसरी ओर चली गई। उसके हाथों में ट्रे थी। ट्रे पर खाने के बर्तन रखे थे। कुछ क्षण बाद वह रसोई में लौटी। उसके हाथ अब खाली थे। उसे पता नहीं था कि लड़का छत पर है। लड़के की परछाईं इतनी बड़ी नहीं थी कि उसके आंगन तक पहुंच जाती। लड़के की गंध इतनी तेज नहीं थी कि वह सूंघ लेती। लड़के की धड़कनें इतनी तेज नहीं थी कि वह सुन लेती। लड़का इतना पास नहीं था कि वह देख लेती। पहले की तरह ही सिर झुकाए वह फिर रसोई से निकली। इस बार उसके हाथ में प्लेट थी। प्लेट पर रोटी थी। आंगन के दूसरी ओर वह गई। फिर लौटी। अब उसकी प्लेट खाली थी। लड़का समझ गया रसोई में कोई रोटी सेंक रहा है। लड़की आंगन के पार कमरे में किसी को खाना खिला रही है।

लड़का मुंडेर पर कोहनियां टिकाकर खड़ा हो गया। लड़की ने तीन चक्कर लगाए। आखिरी चक्कर में वह ट्रे पर सब बर्तन लेकर वापस लौटी। ट्रे रसोई में रखकर फिर लौटी। आंगन के तल पर उसने हाथ धोए। पांव भी धोए। पांव धोने के लिए उसने पायजामा थोड़ा ऊपर उठाया। लड़के ने उसकी गुदाज पिंडलियां देखीं। पंजों में दो सांवले मुलायम खरगोश देखे। लड़की अंदर चली गई। धूप बहुत तेज हो गई। छत के फर्श पर लड़के के तलुए जलने लगे। मां ने नीचे से आवाज दी। पौधों को जलाने के लिए कोसा। उनकी बद्दुआओं से डराया। लड़का डर गया। डरकर नीचे आ गया।

शाम को लड़का फिर छत पर आया। आंगन खाली था। उसने देर तक आसमान में उड़ती पंतगें देखीं, खेतों से लौटते तोते देखे, चिमनियों से निकलता धुआं देखा, चर्च की मीनार के गले में

लाॅकेट-सा लटका पीला चांद देखा, घरों में जलते चूल्हों की लपट देखी, उन पर सिंकती रोटियां देखीं, खूब सारे तारे देखे... फिर नीचे आ गया।

सुबह के इंतजार में लड़का ठीक से सो नहीं पाया। जनाजे में गैसबत्ती किराए पर देने वाले के मुर्गे की बांग से वह उठ गया। खिड़की का पर्दा हटाकर उसने देखा। अभी अंध्ेरा था। उसने घड़ी देखी। सुबह के तीन बजे थे। उसने सुना था मुर्गा सुबह होने पर बांग देता है। इस मुर्गे ने ऐसा नहीं किया। गैसबत्ती किराए पर देने वाला बेईमान था। उसे मातम में मुफ्त देने के लिए कहा गया था, लेकिन वह किराया लेता था। मुर्गा उसका था। मुर्गा भी बेईमान हो गया था। लड़के ने मुर्गे को एक गाली दी। उसने तय किया कि अब मुर्गे की बांग से नहीं उठेगा। मिल के हूटर, कोतवाली के घंटे, अजान या चिडि़यों की आवाज से उठेगा। ये बेईमान नहीं थे।

उस सुबह सबसे पहले चिडि़यां बोलीं। वह उठ गया। खिड़की का पर्दा हटाकर उसने देखा। थोड़ी रोशनी हो गई थी। वह छत पर आ गया। उसने आंगन की ओर देखा। लड़की आंगन में टहल रही थी। सुबह की ताजी हवा फेफड़ों में भर रही थी। हल्का व्यायाम कर रही थी। तीसरे चक्कर में उसने छत की तरफ देखा। लड़के को देखकर वह रुकी। रस्सी की तरपफ आई। उसने रस्सी पर सूखते कपड़ों को ठीक किया। कपड़ों को ठीक करने तक वह लड़के को देखती रही। लड़का भी उसको अब अच्छी तरह से देख पा रहा था। पता नहीं था कि लड़की लड़के को देख रही है या उसे खुद को देखने दे रही है। लड़की आंगन में चक्कर लगाने लगी। कभी हाथ ऊपर उठाती, कभी कंधें से घुमाती। अंदर देखने वालों को वह सुबह का व्यायाम करने का भ्रम दे रही थी।

आंगन के एक ओर से दूसरी ओर घूमते हुए जाने में उसका एक चक्कर हो रहा था। एक चक्कर में वह उतनी ही देर दिखती जितनी देर खुले हिस्से से गुजरती। बाकी समय दीवार या कोठरियों की आड़ में चली जाती। लड़के ने गिनती गिनकर देखा कि उसका एक चक्कर तीन मिनट का है। हर तीन मिनट बाद लड़की खुली जगह से गुजर रही थी। हर तीन मिनट बाद लड़का उसे देख रहा था। खुली जगह से गुजरते हुए छत की तरपफ देख लेती। हर तीन मिनट बाद लड़की लड़के को देख रही थी।

लड़के ने छह बार लड़की को देखा। पहली बार में उसने देखा कि लड़की ने रात के सोने वाले कपड़े बदले हुए थे। वह सफेद रंग के गाउन जैसा कुछ पहने थी। दूसरी बार में उसने देखा कि गाउन पहनने के कारण कल की तरह उसकी कमर के नीचे का भारी हिस्सा नहीं दिख रहा था। तीसरी बार उसने देखा कि कल की तरह उसके बाल खुले नहीं थे। उसने बालों की दो चोटियां बना ली थीं। दोनों चोटियां उसके कंधों से आगे की तरफ पड़ी थीं। चौथी बार में उसने देखा कि कल की तरह वह अलस कर नहीं चल रही थी। पांचवीं बार में उसने देखा कि तेज चलते हुए वह राजसी तरीके से एक ओर थोड़ा झुक जाती है। गर्दन हंसिनी की तरह सीधी रखती है। छठी बार में लड़की खुले हिस्से में रुक गई। वह फिर रस्सी के पास आई। उसने रस्सी से कपड़े उतारे। कपड़े लेकर अंदर चली गई। लड़का मुंडेर से हटकर पौधों को पानी देने लगा।

सोलहवें पौधों में पानी देते समय उसे आवाजें सुनाई दीं। उसने घूमकर देखा। लड़की गीले कपड़े सुखाने लाई थी। यह आवाज बाल्टी रखने और कपड़ों को बहुत तेजी से फटकारने की थी। लड़के ने पौधों को पानी देना छोड़ दिया। वह फिर मुंडेर पर कोहनी टिकाकर खड़ा हो गया।

अब दोनों फिर एक दूसरे को देख रहे थे। रस्सी की तरफ मुंह करके लड़की धीरे-धीरे कपड़ा फटकारती फिर रस्सी पर फैलाती। लड़के ने कपड़ों को देखा। कपड़ों में उसने लड़की के कल के पीले फूलों वाले कपड़े पहचान लिए। लड़की के पीछे आंगन के नल पर एक औरत आई। उसने हाथ धोए फिर अंदर चली गई। लड़की कपड़े फैला चुकी थी। वह बाल्टी लेकर अंदर जाने लगी। आंगन में एक आदमी आया। उसके साथ वही औरत थी। रसोई की तरफ इशारा करके उन्होंने लड़की से कुछ कहा। दोनों अंदर चले गए। लड़की बाल्टी रखकर रसोई में चली गई। कुछ देर बाद वह लौटी। उसने बाल्टी उठा ली। एक बार सतर्कता से चारों ओर देखा फिर लड़के की तरफ घूमी। यूं ही एक हाथ उठाया और हल्के से लहराकर चली गई। उसने बता दिया था कि अब नहीं आएगी। लड़का उदास हो गया। इतना उदास कि उसने बचे हुए पौधों को प्यासा छोड़ दिया। वह नीचे चला गया।

मां की गालियां सुनने के बाद भी वह दोपहर को फिर छत पर आया। लड़की उसी तरह सिर झुकाए आंगन से रोटियां लेकर जाती रही। उसे नहीं पता था कि लड़का दोपहर को भी छत पर आता है। लड़का दो बार खांसा, एक बार मुंडेर से फर्श पर धम्म से कूदा। लड़की ने नहीं सुना। लड़के को गुस्सा आ गया। गुस्से में वह शाम को छत पर नहीं आया। उस शाम वह नदी किनारे बालू पर पेट के बल लेटा हुआ बालू पर कपड़े सुखाती, रोटियां ले जाती, पांव धोती, बंदर से डरती हुई लड़की के चित्र बनाता रहा।

अगली सुबह लड़का मुर्गे की आवाज पर नहीं जागा। चिड़ियों की आवाज पर भी नहीं जागा। कोतवाली के घंटे बजने पर जागा। जागते ही वह छत पर आया। लड़की ने वही सब उसी तरह किया। उसी तरह वह आदमी और वही औरत आई। लड़की रसोई में गई। जाते समय उसने हवा में हाथ हिलाया। लड़के की हिम्मत बढ़ चुकी थी। उसने हाथ उठाकर लड़की से रुकने को कहा। लड़की रुक गई। रस्सी के पास आकर खड़ी हो गई, फिर नल पर मुंह, हाथ, पांव धोती रही, फिर डरी हुई-सी कभी कमरे, कभी रसोई की तरफ देखती खड़ी रही। यूं ही बेमतलब खड़ा होना उसे डरा रहा था। कुछ देर बाद उसने लड़के को देखे बगैर हाथ हिलाया और चली गई। उसे डर था कि उसे देखा तो लड़का फिर रोकेगा। वह फिर रुक जाएगी। लड़का उसके बारे में जानना चाहता था। उससे कहना चाहता था कि वह हमेशा आंगन में रहे। उसे कोई गुप्त संकेत बताना चाहता था जिसे सुनकर वह जब बुलाए लड़की आंगन में आ जाए। उसने कुछ गुप्त संकेत सोच भी लिए थे। उसने सोचा था कि इस मौसम में वह पपीहे की आवाज निकालेगा या फिर सूर्य का रथ खींचने वाले सुनहरी अयाल के घोड़ों की टापों की आवाज या फिर उस बुलबुल की आवाज जिसके गले का रंग सुर्ख लाल हो चुका हो। उसने बंद कमरे में इन आवाजों का अभ्यास भी किया था। इन आवाजों को सुनकर मां कमरे के आस-पास हैरानी से बुलबुल और घोड़ों को ढूंढ़ती रही थी। लड़के ने जब मां को इस तरह उन्हें ढूंढ़ते देखा, तो उसे लगा कि लड़की भी जब आवाज सुनेगी, तो बुलबुल या घोड़े की आवाज ही समझेगी। ये आवाजें उसे बुलाने के लिए वह निकाल रहा है, उसे पता ही नहीं चलेगा। लड़के ने कुछ और तरकीबें भी सोचीं।

मसलन, वह किसी का पालतू कबूतर उधर मांग ले जो उसका पत्र ले जा सके या उसकी अनाज रखने की कोठरी की दीवार पर उंगलियों की परछाइयों से जानवरों की शक्लें बनाकर उसे आने का इशारा करे या उसके आंगन तक कागज का जहाज उड़ा सके।

लड़का दोपहर को फिर उसी तरह छत पर आया। लड़की ने उसी तरह सिर झुकाए किसी को कमरे में खाना खिलाया। शाम को लड़का फिर आया। आंगन खाली था।

दस दिन हो गए। ग्याहरवें दिन सुबह लड़के ने शाखाओं पर कुछ नए पत्ते देखे। उसने गिने। अस्सी थे। ये पत्ते नवजात शिशु की तरह चमकदार थे। मुलायम थे। पवित्र थे। उम्मीदों से भरे थे। हवा में झूलते तो उन पर ठहरी चमक बूंदों की तरह नीचे गिरती। वे बड़े और चौड़े थे। उनकी नसें उठी हुईं और रस से भरी थीं। इन अस्सी पत्तों ने ही लड़की की रसोई के एक हिस्से को ढक लिया था। अभी उन्हें असंख्य होना था। इतना कि हवा भी उनके पार नहीं गुजर सकती थी। किसी की नजर का गुजरना और भी कठिन था।

लड़के ने चारों ओर नजर घुमाकर दूसरे पेड़ों को देखा। वे सब नए पत्तों से भर चुके थे। उनके हरे रंग अलग-अलग थे। उनकी आकृतियां अलग थीं। चमक अलग थी। पतझर से सूखी ठूंठ में कंपकंपाती जर्जर दिखती देहों वाले वे पेड़ अब आसमान की ओर तने हुए धरती को ढक रहे थे। यही एक पेड़ था जिसकी शाखाएं अभी नंगी थीं। यह सबसे अलग भी था। इस पर कत्थई रंग के बड़े फूल आते थे। बाद में उनसे कपास के रेशे उड़कर चारों ओर फैलते रहते थे। इसी पेड़ पर बैठकर कोयली कूकती थी। इसी पेड़ पर जब चांद रुकता, नीचे चांदनी का नगर बसा दिखाई देता था। यह सब शुरू होने वाला था। दो या तीन दिन में इन शाखाओं को पत्तों से भर जाना था। लड़के ने छत से आंगन वाले घर का रास्ता पहचानने की कोशिश की। आंगन के चारों ओर नीची छतों वाले छोटे-छोटे घर बने थे। उन घरों के बीच वह घर कहां है, समझ में नहीं आता था।

उसकी गली, दरवाजा कहां है, दिखाई नहीं देता था। शाखाओं के पत्तों से भर जाने के बाद आंगन दिखना बंद हो जाएगा। लड़की भी नहीं दिखेगी। यह सोचकर लड़का घबरा गया। मुंडेर से कोहनियां टिकाकर उसने एक बार फिर पेड़ देखा। लकड़ी की टाल को देखा जिसके ऊपर उसकी शाखाएं थीं। बंधी हुई गाय वाले हिस्से को देखा जहां उसका तना गया था। कुछ देर तक इसी तरह सब ओर घूरने के बाद वह नीचे उतर आया।

सुबह लड़की को देखने के बाद लड़का घर से निकलने लगा। मां ने बिना कुछ खाए बाहर जाने के लिए उसे टोका :

‘खाली पेट में आग लगेगी।’

लड़का झल्ला गया :

‘आग लगने के लिए आॅक्सीजन की जरूरत होती है। पेट के अंदर आॅक्सीजन नहीं होती।’

मां हैरानी से उसे देखती रही। पेट की आग के बारे में कुछ और बोलती, इसके पहले लड़का बाहर निकल गया।

लकड़ी की टाल एक छोटे से खुले मैदान में थी। पहले यहां हवेलियों की जरूरत की सब्जियां वगैरह बोई जाती होंगी या जानवर बंधते होंगे या उन हवेलियों में काम करने वाले झोंपड़ों में रहते होंगे। अब वह मैदान छोटी कोठरियों से भर गया था। इन कोठरियों में लोग रहते थे। इन कोठरियों की छत पर पेड़ के सूखे पत्ते गिरते रहते थे। कभी कोई पुराना साइकिल का टायर, टूटा पिंजरा, फटा जूता भी पड़ा रहता था। लड़के ने छत से इन्हें देखा था। कोठरियों की छतें मिली हुई थीं। ये गिलहरियों और बंदरों के दौड़ने, सोने और खेलने के काम आती थीं। यही छत लड़की के आंगन की रसोई और अनाज के कमरे तक चली गई थी।

गलियों में रास्ता पूछते हुए लड़का टाल तक आ गया। कई तरह की लकडि़यों के कई तरह के ढेर लगे थे। कुछ ढेर बहुत ऊंचे थे। कुछ छोटे थे। कुछ सूखी टहनियों के थे। लकडि़यां तौलने का तराजू लगा था। उसके पलड़े मोटी लकडि़यों से बने थे। दुकान के सामने के तख्त पर तीन आदमी बैठे थे। वे दुकानदार का इंतजार कर रहे थे। लड़का उनके पास खड़ा हो गया। उनकी बातों से लड़के को पता चला कि एक चिता की लकडि़यां बेचने वाला मरघट का दुकानदार था, दूसरा हवन की लकडि़यां बेचता था, तीसरा गुल्ली-डंडे बनाने के लिए लकड़ियां लेने आया था। वे लकड़ियों के ढेर की ओर इशारा करके जोर-जोर से बोल रहे थे। एक कोठरी से खांसता हुआ दुकानदार बाहर आया। वह दुबला-पतला था। उसकी उम्र साठ के आस-पास थी। छोटी-सी सफेद दाढ़ी थी। रंग साफ था। कंधे पर लंबा तौलिया पड़ा था। उसके पीछे लकड़ियां तौलने वाला छोटा लड़का आया। वे तीनों उसके पुराने ग्राहक थे। छोटा लड़का भी उनको पहचानता था। बिना कुछ पूछे वह ढेर से लकड़ियां उठाकर तराजू के पलड़े पर रखने लगा।

लड़का उनसे थोड़ी दूर खड़ा था। वह सोच रहा था कि ये तीनों चले जाएं तब वह अकेले में दुकानदार से बात करेगा।

दुकानदार ने एक बार उसे उड़ती निगाह से देखा। वह समझ नहीं पाया कि लड़का उसका ग्राहक है या अंदर घरों में किसी से मिलने आया है। उन तीनों से बातें करते हुए वह बीच-बीच में तराजू की लकड़ियों को भी देख रहा था। लड़के तक लकड़ियों की गंध आ रही थी, जैसे वे सांस छोड़ रही हों, जैसे कटने जाते बकरमंडी के बकरे छोड़ते थे। उनके ऊपर की नुची भूरी छाल चारों ओर पड़ी थी, जैसे उनकी खाल चाकू से खुरच दी गई हो।

लड़के ने सिर उठाकर देखा। पेड़ की शाखाएं दिख रही थीं। लकड़ियां तौलने के बाद, बाहर खड़े रिक्शों पर लकड़ियां लादकर वे तीनों चले गए। दुकानदार ने एक बार लड़के को देखा फिर तख्त पर बैठकर हिसाब लिखने लगा।

अब लड़का आगे आया। दुकानदार के कागज पर उसकी परछाईं पड़ी। उसने सिर उठाया।

‘क्या उस पेड़ की लकड़ियां मिलेंगी?’ लड़के ने उंगली उठाकर पेड़ की तरफ इशारा किया। उसने डाल को लकड़ी कहा था। उसे डर था कि ‘डाल’ बोला तो दुकानदार कह देगा कि वह लकड़ियां बेचता है, डाल नहीं। दुकानदार ने सिर उठाकर पेड़ को देखा। वह जब पैदा हुआ था। तब से उस पेड़ को देख रहा था।

‘वे किसी काम नहीं आतीं’ उसने लड़के को देखा, ‘और बहुत तरह की लकड़ियां हैं, वे ले लो।’

‘नहीं... यही चाहिए।’

‘क्यों?’

‘वैद्य जी ने इसी पेड़ के लिए कहा है। पत्ते आने से पहले इसकी पतली डालियों को घिसकर लेप बनाना है। अभी पत्ते नहीं आए हैं। अभी इनकी छाल बिलकुल सूखी है। यही सबसे ज्यादा फायदा करती हैं। पेड़ के उस तरफ पत्ते आने लगे हैं। मैंने गिने हैं। अस्सी हैं।’

‘तुमने पत्ते गिने?’ दुकानदार ने हैरत से लड़के को देखा। उसने सिर हिला दिया।

‘मैंने तारे गिने थे।’

‘कितने थे?’

‘पता नहीं।’

‘क्या वे एक दूसरे पर लदे थे?’

‘क्या तारे ऐसा करते हैं?’

‘पत्ते तो करते हैं।’

‘नहीं... लदे नहीं थे।’

दुकानदार ने सिर हिलाया। वह चुप हो गया। कुछ देर दोनों चुप रहे।

‘क्या आप पेड़ के इधर के हिस्से की डालियां कटवा कर दे सकते हैं?’ लड़का इस बार लकड़ियों की जगह डालियां बोला।

‘नहीं... वहां पहुंचने का कोई रास्ता नहीं है। वैसे भी मैं इसे नहीं छुऊंगा। यह पेड़ पीछे वकील के घर से निकला है। जड़ें वहां हैं। उसका पेड़ है। वहीं से तने पर चढ़ा भी जा सकता है। तुम्हें अगर इसकी डालियां चाहिए तो उसके पास जाओ। वह चाहेगा तो तुम्हें तने पर चढ़कर यहां तक आने देगा। अगर दो चार टहनियां चाहिए तो अक्सर यहां गिर जाती हैं। कभी पतंग की डोर से, कभी बंदरों के कूदने से।’

‘नहीं... मुझे बहुत चाहिए। जितनी इधर हैं वे सब। साल भर की दवा बनानी है। पतझर साल में एक ही बार आता है। सूखी टहनियां तभी मिलती हैं। वैद्य जी के पास और भी मरीज आते हैं। उनके भी काम आएंगी।’

‘किसे चाहिए?’ दुकानदार ने जेब से पीतल की चुनौटी निकाली। तम्बाकू और चूना हथेली पर रखकर घिसने लगा।

‘क्या?’

‘दवा... तुम्हें बीमारी है।’

‘नहीं...।’ लड़का हड़बड़ा गया, ‘भाई को।’

‘क्या?’

‘वैद्य जी जानते हैं।’

‘तुम नहीं जानते?’

‘उन्होंने बताया नहीं।’

दुकानदार कुछ क्षण लड़के को देखता रहा फिर पुतलियों को आंखों के कोनों पर टिका कर पूछा :

‘कहां लगेगी?’

‘क्या?’

‘दवा।’

लड़के ने दुकानदार को देखा। उसकी आंखें थोड़ी सिकुड़ गई थीं। थोड़ी और सिकुड़ती तो बंद हो जातीं। होंठ हल्के-से फैल गए थे। थोड़े और फैलते तो हंसी बन जाती। उसने उन फैले होंठों के बीच में तम्बाकू दबाया :

‘देखना... अगर तुम्हारे भाई को फायदा हो तो मुझे भी बताना। मुझे भी तकलीफ रहती है। अक्सर बाद में सूजन आ जाती है।’

दुकानदार की बातों से लड़का अचकचा गया। ‘वकील के घर का रास्ता किधर से है’, उसने पूछा।

‘यहां से बाहर निकलकर दाएं घूमना। काले बिच्छू का तेल बेचने वाले बोर्ड की दुकान पर रुक जाना। वहां से सटी हुई गली में चले जाना। थोड़ी दूर जाने पर एक टूटा फव्वारा दिखेगा। उसके पीछे छोटा मंदिर है। सामने उसका घर है। फव्वारे से तुम्हें पेड़ का मोटा तना दिखेगा। उस पर हमेशा गीलापन रहता है... जैसे मस्त हाथी के माथे से मद निकलता है... उसी तरह। जो पेड़ सैकड़ों साल पुराने हो जाते हैं उनके तने से हमेशा आंसू बहते हैं। जैसे अंदर की आत्मा मुक्ति चाहती है। तुम्हें फव्वारे से उसके आंसू दिखेंगे। शायद वैद्य ने इसीलिए इस पेड़ की डालें मांगी हैं। उसने इसका तना देखा होगा। ये आंसू अमृत की बूंदों में बदल जाते हैं। पुरानी किताबों में लिखा है। पुराने लकड़हारे इसे जानते हैं।’ दुकानदार चुप हो गया। लड़के ने सिर हिलाया और टाल से बाहर आ गया।

टाल से बिच्छू के तेल की दुकान तक एक पतली गली जाती थी। लड़का उस गली में घुस गया। वह बहुत संकरी थी। उसमें धूप नहीं आती थी। गली में मकानों के छज्जे मिले हुए थे। उन पर रंगीन कपड़े लटक रहे थे। कुछ कपड़े ज्यादा लंबे थे। उसी समय सुखाए गए थे। उनकी बूंदें नीचे गिर रही थीं। दुकानें बंद थीं। गली में नीचे दुकान, ऊपर मकान थे। दुकानों के पटरों के नीचे कुत्ते नाली की ठंडक में दुबके हुए थे। लड़के ने गली पार की। गली पार करते हुए उसने भड़भूंजे, रंगरेज, कठपुतली, नट, चांदी का वरक और चमड़े का मशक बनाने वालों की दुकानें और घर पार किए। लड़का जब इन सबको पार कर रहा था उसके मन में ख्याल आया कि टाल वाले का झूठ यहां काम नहीं करेगा। पेड़ का तना वकील के घर में था। दवा के लिए डालों की जरूरत बताने पर, वह अपनी तरफ की डालें कटवा सकता था। बिच्छू के तेल की दुकान पर पहुंचने तक लड़के ने दूसरा झूठ सोच लिया।

दुकान से सटी हुई गली से लड़का अंदर चला गया। टूटे फव्वारे पर पहुंचकर लड़के को पेड़ का तना दिख गया। पेड़ के तने से आंसू गिर रहे थे। पीले रंग की नीची चहारदीवारी वाला घर था वह। बाहर वकील का नाम लिखा था। लोहे का दरवाजा बंद था। लड़के ने छत से इस घर में गाय बंधी देखी थी। भूसे के ढेर देखे थे। यह दीवार, यह दरवाजा नहीं देखा था। दीवार के पीछे उसे गाय के रंभाने की आवाज सुनाई दी। तभी दरवाजा खोलकर एक आदमी बाहर आया। वह हरे रंग का चौकोर खानों वाला अंगोछा लपेटे था। लड़के ने अंगोछे से उसे पहचान लिया। इसे लपेटकर गाय का दूध निकालते हुए उसने कई बार छत से उसे देखा था। वह दरवाजे पर खड़ा था। उसके हाथ में ताजे निकाले दूध की बाल्टी थी। लड़का उसके पास गया :

‘वकील साहब से मिलना है।’

उसने लड़के को ऊपर से नीचे तक देखा फिर सिर हिलाकर अंदर जाने का इशारा किया। लड़का दरवाजे से अंदर चला गया। अंदर घुसने पर एक रास्ता कुछ दूर तक बिलकुल सीधा जाता था। उसके दोनों ओर बैंगनी पफूलों वाले पौध्े लगे थे। एक बाएं हाथ पर घूम गया था। वहां वह एक जालीदार कमरे से होता हुआ आगे चला गया था। एक खुली जगह को तारों वाली जाली से घेरकर बैठने की जगह बनाई गई थी। उस जाली पर भी वकील के नाम की पट्टी लटक रही थी। अंदर प्लास्टिक की कुर्सियां पड़ी थीं। एक छोटी मेज के पीछे ऊंट के चमडे़ वाली ऊंची कुर्सी थी। वह वकील की थी। प्लास्टिक की कुर्सियों पर दो आदमी बैठेे थे। वे वकील का इंतजार कर रहे थे। लड़का भी एक कुर्सी पर बैठ गया। वह भी इंतजार करने लगा।

लड़के ने उस रास्ते को आगे जाते हुए देखा। वही आगे जाकर दीवार के पीछे घूम गया था। पेड़ का तना वहीं था। गाय वहीं थी। आदमी वहीं दूध निकालता था। लड़के का मन हुआ कि उस जगह पर जाकर अपनी छत देखे, जैसे लड़की आंगन से देखती है। लड़के का मन हुआ कि उस जगह पर जाकर पेड़ के गीले तने को छुए। उसके अंदर रोती हुई आत्मा से बात करे। बंदर की तरह उस पर चढ़कर उन शाखाओं तक चला जाए जो लड़की के आंगन तक गई थीं। वहां से देख लेगा कि लड़की अंदर किसे रोटी खिलाती है। लड़की को भी बहुत पास से देख लेगा। बंदर की तरह डाल से चिपककर उसे कपड़े सुखाते, रोटियां ले जाते, नल पर पंजे धोते देख लेगा। उसके अंदर यह इच्छा हूक की तरह उठी। इतनी तेज कि वह उठकर खड़ा हो गया। दोनों आदमियों ने उसे देखा। वे समझे वकील आ रहा है। वे भी खड़े हो गए। लड़के ने उन्हें खड़े होते देखा तो चुपचाप बैठ गया। उसे घूरते हुए वे भी बैठकर बातें करने लगे।

लड़का उनकी बातें सुनने लगा। वे रामलीला मैदान को खरीदना चाहते थे। वकील ने उनको बताया था कि ऐसा नहीं हो सकता क्योंकि उस जमीन के मालिक खुद दशरथ पुत्र भरत हैं। सैकड़ों साल पुराने दस्तावेज में इसके मालिक ने जमीन उनके नाम कर दी थी। अब सिर्फ भरत ही इसे बेच सकते हैं। उनके दस्तखत के बगैर जमीन नहीं बेची जा सकती। वकील ने उनको समझाया था कि एक ही तरीका है कि तुम सिद्ध कर दो कि भरत की मृत्यु हो चुकी है और तुम उनके वंशज हो। वकील ने यह भी कहा था कि वे लोग पहले नहीं हैं जो इस जमीन को लेना चाहते हैं। बहुत लोग पहले भी कोशिश कर चुके हैं। अंग्रेज भी कर चुके हैं। उसी समय यह पता चला था कि जमीन के मालिक भरत जी हैं। इसीलिए पिछले एक सौ तीस सालों से ‘भरत मिलाप’ इसी मैदान पर होता है। भरत मिलाप हर साल होता है, इसलिए भरत अब जीवित नहीं हैं, यह सिद्ध नहीं किया जा सकता। वे अब सूर्यवंशी भरत के झूठे दस्तखत की कोई साजिश लेकर आए थे।

दरवाजे पर खांसने की आवाज करता हुआ वकील घुसा। खांसने की आवाज करते हुए घुसना उसने मुगल बादशाहों के आने की घोषणा करने से सीखा था। वे दोनों खड़े हो गए। लड़का भी खड़ा हो गया। वकील सीधे चमड़े की कुर्सी पर बैठ गया। वे दोनों भी बैठ गए। लड़का भी बैठ गया। लड़के ने वकील को देखा। वह मोटा था। उसका पेट ज्यादा बाहर निकल आया था। वकील ने लड़के को देखा। वह समझा लड़का उनके साथ है। वह उनकी तरफ झुक गया। उन्होंने इशारे से उसे रोक दिया। लड़का उनकी बातें सुन सकता था। बाहर जाकर उनका भेद खोल सकता था।

‘पहले इनका काम कर दें’ उनमें से एक बोला। वकील फिर पीछे मुड़कर कुर्सी की पीठ से चिपक गए। वह चुपचाप लड़के को देख रहा था। उसके चेहरे की खाल कसी हुई थी। उसे लड़के का आना या खुद लड़का अच्छा नहीं लग रहा था। लड़का लड़खड़ा गया :

‘मैं पीछे रहता हूं। मेरे छत से आपकी गाय दिखती है।’ लड़का चुप हो गया। पीछे रहने या गाय की बात सुनकर वकील का चेहरा मुलायम हो गया। वह मुस्कुराया। लड़के की हिम्मत लौट आई, ‘आपके घर में कत्थई फूलों वाला पेड़ है, वही जिसके तने से आंसू निकलते हैं। वह पेड़ ऊपर बहुत दूर तक फैला है। यहां से नहीं दिखेगा। मेरी छत से दिखता है। पतझर के कारण अभी उसमें पत्ते नहीं हैं... पर अब आने शुरू होने वाले हैं। फिर उसमें फूल आएंगे, बहुत सारे बड़े फूल... उनसे कपास के रेशे निकलते हैं। मेरी मां को उनसे तकलीफ होती है। जब हवा मेरे घर की तरफ चलती है तो उन फूलों की गंध और कपास के रेशे मेरे घर तक आ जाते हैं... खिड़कियों से अंदर रसोई तक। मां की सांस फूलने लगती है। डाॅक्टर ने कहा है कि उसे इन फूलों की गंध से, कपास के रेशों से बचाना जरूरी है।’ लड़का एक सांस लेकर चुप हो गया। वकील मुस्कुराता हुआ सुन रहा था। उसे लंबे बयान सुनने की आदत थी। वे दोनों भी सुन रहे थे।

‘पत्ते आना शुरू हो चुके हैं। फूल भी आएंगे। हवा भी चलने लगी है। इस मौसम से हवा भी पेड़ से होती हुई मेरे घर की तरफ आती है?’

‘तुम्हे कैसे पता?’ वकील अब बोला। उसकी अवाज खुरदुरी थी। जैसे किसी पत्थर पर रस्सी घिसी जा रही हो।

‘क्या?’

‘यही... कि हवा इधर से तुम्हारे घर की ओर चलेगी।’

‘इस मौसम में यही होता है। उसमें खुले बालों की, सांवले खरगोश की, रोटियों की महक होती है।’ लड़के को अचानक लड़की याद आ गई।

‘इससे हवा के चलने की दिशा कैसे पता लगती है?’ लड़का लड़खड़ा गया।

‘उधर घरों में यह सब होता है।’

‘घरों से हवा कभी मेरे घर की तरफ भी चलती होगी?’

‘जी।’

‘लेकिन मुझे तो कभी रोटियों की, खुले बालों की या सांवले खरगोश की गंध नहीं आई?’

लड़के ने सिर झुका लिया। उसके बयान में गलती पकड़कर वकील खुश हो गया।

‘खैर... तो?’

‘अगर आप पेड़ की केवल उन डालों को कटवा दें जो मेरी छत से दिखती हैं तो फूलों की गंध और कपास के रेशे नहीं आएंगे।’

‘पर पेड़ तो मेरा नहीं है।’

‘आपके घर में है।’

‘घर भी मेरा नहीं है।’

लड़के ने असमंजस में उसे देखा।

‘यह सारी जमीन वक्फ की है। सारे घर भी उसी के हैं। इनका मालिक मुतवल्ली है। इन घरों के बारे में कोई भी फैसला वही ले सकता है।’

‘यह क्या होता है?’

‘क्या।’

‘जो अभी आपने बोला।’

‘तुम इतना ही समझ लो कि वक्फ मतलब ट्रस्ट और मुतवल्ली मतलब बड़ा ट्रस्टी। मुतवल्ली की मर्जी के बगैर कुछ नहीं हो सकता। तुमने बाहर दीवार पर पीला रंग देखा होगा? उसी ने करवाया है। गाय भी उसी ने बंधवाई है। दरवाजे पर दूध की बाल्टी लिए कोई आदमी मिला था? उसी का है। दूध भी उसी का है। उसके घर जा रहा था। मैं तो बाजार से खरीदता हूं। यह पेड़ भी उसी का है। इसकी डालें कटवाने के लिए तुम्हें उससे बात करनी पड़ेगी।’

‘वह कहां मिलेंगे?’

‘दूर नहीं है। मुसाफिरखाने के अंदर उसका दफ्तर है। वहां सुबह बैठता है। अभी चले जाओ। मिल जाएगा।’

‘बाद में?’

‘तुमने रास्ते में काले बिच्छू के तेल की दुकान देखी थी न?’

‘हां।’

‘उसी की है। बाद में वह काले बिच्छू खरीदता है... उनका तेल निकलवाता है। शीशियों में बंद करवाता है... उसका तेल बहुत मुफीद है, बहुत बिकता है। तुमने कोशिश की कभी?’

मेज पर कोहनियां रखकर वह थोड़ा आगे झुक गया।

‘किस बात की?’

‘मां की बीमारी के लिए इस तेल का इस्तेमाल करने की? हो सकता है उन्हें फायदा हो जाए। पेड़ न कटवाना पडे़। तुम चाहो तो मैं मुतवल्ली से बात कर लूंगा। वह इस बीमारी के लिए किसी नायाब बिच्छू का तेल बना देगा। उसके पास ऐसे बहुत बिच्छू हैं। उनका तेल वह बेचता नहीं है, अपने लिए रखता है। कई बीमारियों में इस्तेमाल करता है।’

‘क्या उससे सूजन ठीक हो जाती है?’

‘वह तो बिलकुल हो जाती है।’

‘लकड़ी की टाल वाले को जरूरत है... उसे बाद में सूजन आ जाती है।’

‘वह तो आएगी ही। उसने एक तोता पाल रखा है। जैसे तोता हरी मिर्च पकड़ता है, उस तरह वह औरत को पकड़ता है। सूजन तो आएगी ही।’

लड़के ने कभी तोते को हरी मिर्च पकड़ते नहीं देखा था। वह चुप रहा।

‘खैर तुम मुतवल्ली से मिल लो। तेल जरूर ले लेना। एक शीशी टाल वाले के लिए भी।’ लड़का उठ गया।

‘तुम एक दरख्वास्त दे दो। मां की बीमारी का हवाला दे देना। उसके पास आदमी रहते हैं। जब चाहे उन्हें भेज दे। मैं पेड़ पर चढ़ा दूंगा। दरख्वास्त लिख लोगे न?’ उसने लड़के को देखा। लड़का चुप रहा।

‘न लिख पाओ तो रुको। मेरा मुंशी आ रहा होगा। वह लिख देगा। उसकी फीस दे देना।’

‘मैं लिख लूंगा’ लड़के ने सिर हिलाया। वकील ने भी सिर हिला दिया। वे दोनों आदमी अब तक ऊब चुके थे, उन्होंने भी सिर हिलाया। लड़के ने उनकी ऊब देखी। वह जाली वाले कमरे से बाहर आ गया। बाहर आकर उसने एक बार फिर तने को देखा। उन पर फैलती शाखाओं को देखा। पत्ते बहुत तेजी से निकल रहे थे। अब वे तीन सौ हो गए थे। शाखाओं पर दौड़ती गिलहरी उनमें फंस रही थी।

लड़का वापस टूटे फव्वारे के पास आ गया। उसे भूख लग रही थी। कुछ ही देर में उसके पेट में आग लगने लगी।

मुसाफिरखाना दूर था। लड़के ने सोचा घर जाकर कुछ खा ले। वहीं बैठकर दरख्वास्त भी लिख लेगा।

घर लौटते समय लड़का फिर उसी गली से गुजरा। लौटते समय वह सोच रहा था कि मुतवल्ली के पास यह झूठ काम नहीं करेगा। बीमारी की बात करने पर हो सकता था कि मुतवल्ली उसे काले बिच्छू का तेल लगाने के लिए दे देता। कुछ दिन असर देखने के लिए कह सकता था। मरीज देखने घर भी आ सकता था। ‘दवा का असर नहीं हुआ तब पेड़ की डालें कटवा देगा’, वह यह कह सकता था। लेकिन तब तक पेड़ पत्तों से लद जाता। तब हो सकता था वह हरे-भरे पेड़ को काटने से इनकार कर देता। अगले पतझर तक सब कुछ टाल देता।

लड़का घर आ गया। तेज धूप में उसका चेहरा लाल हो रहा था। मां उसे दरवाजे पर ही मिल गई, उसकी सुबह की बातों से वह नाराज थी। लड़के को दुःख हुआ। लेकिन वह जानता था कि मां है। चुटकी में मान जाएगी। वह मां से लिपट गया।

‘पेट में आग जल रही है’ उसने अपना गाल मां के कंधे से रगड़ा।

‘कहां गया था सुबह से?’ मां ने कंधा हटाकर गुस्सा दिखाया।

‘लकड़ी की टाल’, लड़के ने फिर गाल कंधे से सटा दिया। इस बार मां ने नहीं हटाया।

‘क्यों?’

‘दोस्त के घर में हवन है। उसके लिए लकड़ियां लेनी थीं।’ लड़के ने झूठ बोल दिया। लड़के को अचानक ध्यान आया कि वह बहुत सहजता से झूठ बोल रहा है। इतना कि उसे सोचना भी नहीं पड़ रहा। हवन की बात से मां खुश हो गई। वह अंदर आ गई। लड़का भी पीछे-पीछे आया। मां रसोई में आई उसने लड़के के लिए मखाने की खीर और हरे चने बनाए थे। लड़का फर्श पर बैठ गया। मां ने उसके सामने थाली रख दी। खुद भी सामने बैठ गई। लड़का मखाने और हरे चने खाने लगा। खाकर उसे दरख्वास्त लिखनी थी। उसने वकील से कह दिया कि लिख लेगा, लेकिन उसने कभी दरख्वास्त नहीं लिखी थी।

‘तुम दरख्वास्त लिख सकती हो?’ उसने मां से पूछा। मां को भगवान के नाम दरख्वास्त लिखते उसने कई बार देखा था।

‘क्यों?’ मां ने उसे देखा, ‘किसे लिखवानी है?’

‘मैंने सुबह छत से देखा, सामने पेड़ के बीच से अपने टेलीफोन के तार आए हैं। पेड़ पर पत्ते आने लगे हैं। कुछ ही दिनों में वे तारों को ढक लेंगे। उन पर ओस रुकेगी तो उसकी नमी तारों में पहुंच जाएगी। उससे फोन खराब हो सकता है। पत्तों से नहीं भी हुआ तो जब फूल आएंगे तब होगा। फूल से कपास उड़ेगी। तारों पर चिपक जाएगी...।’ लड़के ने घबराहट में ढेर सारे चने मुंह में भर लिए थे। इतना बोलकर वह धीरे-धीरे उन्हें चबाने लगा।

‘क्या फोन बंद हो जाएगा?’ मां चिंतित हो गई। वह अपनी मां से फोन पर रोज एक बार बात करती थी।

‘बंद न भी हो, तो भी लगेगा जैसे फोन के ऊपर कोई सिसकियां ले रहा है। कुछ सुनाई नहीं देगा।’

‘हां सिसकियों में बोला हुआ सुनाई नहीं देता।’

मां चिंतित थी। उसकी मां जब फोन पर सिसकियां लेती थी, वह कुछ समझ नहीं पाती थी।

‘तुम खा लो मैं दरख्वास्त लिख देती हूं...।’

लड़का खुश हो गया। उसने जल्दी में मखाने की खीर पी ली। चने निगल लिए। उठ गया। मां उठकर कमरे में आ गई। लड़के ने उसे कागज कलम दिया। बताया कि दरख्वास्त मुतवल्ली के नाम लिखनी है कि वह इस पेड़ की उन शाखाओं को कटवा दे जो तारों के पास हैं। मां दरख्वास्त लिखने बैठ गई। लड़का लड़की को देखने छत पर चला गया। आंगन खाली था। लड़की को उसके आने की कोई उम्मीद नहीं थी।

लड़के को भी लड़की के दिखने की कोई उम्मीद नहीं थी। फिर भी बिना उम्मीद की एक उम्मीद थी। तभी ऊपर से एक हवाई जहाज शोर करता गुजरा। जहाज देखने के लिए लड़की दौड़ती हुई आंगन में आई। जहाज आंगन से छत की तरफ आ रहा था। जहाज को देखते हुए लड़की की निगाह छत पर गई। उसने जहाज देखना छोड़ दिया। वह लड़के को देखने लगी। वह नंगे पांव भागी आई थी। धूप तेज थी। आंगन की ईंट पर उसके तलुए जलने लगे। वह खड़ी थी, पर जल्दी-जल्दी पैर बदल रही थी। इस धूप में आंगन में यूं ही खड़ी हुई वह डर रही थी। डर... तलुओं की जलन से वह देर तक नहीं रुकी। हाथ उठाकर उसने इशारा किया और चली गई। लड़का खुश हो गया। उसने पेड़ को देखा। चार सौ तीस पत्ते हो गए थे।

आंगन का नल थोड़ा ढक गया था। लड़की अगर पांव धोती तो उसके पंजे नहीं दिखते। शाखाएं नहीं कटीं तो इसी तरह एक रोज लड़की भी नहीं दिखेगी। लड़का उदास हो गया। उसकी उदासी इतनी बढ़ी कि वह घबरा कर नीचे उतर आया। मां ने दरख्वास्त लिख दी थी। बिना कुछ पढे़ उसने कागज जेब में रखा और तेजी से बाहर निकल गया।

मुसाफिरखाना शहर के बीच में था। बरसात के दिनों में जब नदी घाट की ऊपरी सीढि़यों को डुबो देती थी और नावें उलटी करके रख दी जाती थीं और पुल से गुजरने वाली रेलगाडि़यों में बैठे लोग नदी में जार्ज पंचम और विक्टोरिया के सिक्के फेंकते थे, उन दिनों मुसाफिरखाना भरा रहता था। आस-पास से या दूर-दराज से भी लोग मेलों में आते थे, मुर्दनी में आते थे। शादियों में आते थे, फसल कटने पर, मन्नत पूरी होने पर आते थे। नदी सूखती गई। मुसाफिरखाने की दीवारों मे दरारें पड़ गईं। कोनों में मकड़ियों ने जाले बना लिए। छत पर हरे पत्तों वाले पौधे उग आए। मुसाफिरखाने को रुपए देने वाले घर खुद भूखे हो गए। लोगों ने भी फसलों, बीमारियों, मुर्दनी और मन्नतों में आना छोड़ दिया। आजादी के बाद इसमें दफ्तर खोल दिए गए। जन्म लेने और मरने की खबर का दफ्तर, टीके लगाने, मरे जानवर उठाने का, गुमशुदाओं को ढूंढ़ने का दफ्तर खुल गया। बाहर इनकी पट्टियां लगी थीं। पहले वह हवा में लटकीं फिर टूटकर नाली में गिर गईं। इसी मुसाफिरखाने में वक्फ का दफ्तर था।

लड़का मुसाफिरखाने की तीन टूटी सीढ़ियां चढ़कर ऊंचे दरवाजे से अंदर गया। अंदर एक खुली जगह के चारों ओर चौकोर गलियारा था। उसके साथ कमरे बने थे, कमरों के बाहर नाम की पट्टियां लटक रही थीं। गलियारे के एक कोने में दो घड़ों में पानी रखा था। एक घड़े के ऊपर हैंडल वाली छोटी-सी लुटिया रखी थी। गलियारे के बाहर की खुली जगह में क्यारियां थीं। उनमें पौधे थे।

पहला बड़ा कमरा ही वक्फ का था। लड़का कमरे में गया। बड़ी-सी मेज के पीछे दोहरे बदन का एक आदमी बैठा था। वह मुतवल्ली था। उसके सामने की कुर्सी पर एक आदमी था। उसकी कुर्सी के साथ की दो कुर्सियां खाली थीं। मुतवल्ली ने लड़के को देखा। कुर्सी पर बैठने का इशारा किया। लड़का कुर्सी पर बैठ गया। वे दोनों बातें करने लगे। लड़के ने कमरे में नजर दौड़ाई। मुतवल्ली के पीछे की दीवार के दोनों सिरों पर लंबी खिड़कियां बनी थीं। एक से धूप आ रही थी। कमरे में उसी की रोशनी थी। उसी रोशनी में खिड़कियों की सलाखों का भूरा जंग चमक रहा था। नीचे की धूल भी। दूसरी खिड़की के पीछे सड़क दिख रही थी। सड़क पर दरगाह पर चढ़ाने वाली चादर के चारों कोने पकड़कर लड़के पैसे मांग रहे थे। एक मदारी जमूरे को जमीन पर लिटाने की तैयारी कर रहा था। बांसुरी बजाता एक आदमी कंधे पर ढेर-सी बांसुरी, रंगीन गुब्बारे, गुलेल, रंगीन लट्टू, कागज के जानवर लटकाए जा रहा था। एक लड़की और लड़का उसकी धुन पर नाचते हुए उसके पीछे जा रहे थे।

बिच्छू के बारे में लोग ज्यादा नहीं जानते’, मुतवल्ली के सामने बैठा हुआ आदमी बोल रहा था। मुतवल्ली बहुत ध्यान से सुन रहा था।

‘सच तो यह है कि जानवरों के बारे में भी नहीं जानते। इनके अंदर अनमोल खजाने छुपे होते हैं। उनके बारे में भी नहीं जानते। उनकी खाल, उनके जहर, उनकी लार, उनकी नीचे की गोलियां, नाखून, बाल तक में हर बीमारी का इलाज है। जिस दिन इंसान जानवरों के अंदर छुपी इस ताकत को जान लेगा, सब कुछ बदल जाएगा। न कोई बूढ़ा होगा, न मरेगा। मकड़ी के जाले का तार, बिच्छू का जहर।’ वह आदमी फर्श तक झुका। झोले के अंदर से कांच की बड़ी शीशियां निकालकर मेज पर रखीं, ‘मेरे पुरखे जानते थे। तभी सैकड़ों सालों से लोग हमारे पास आते हैं। अब रेगिस्तान के इस बिच्छू को देखिए। दुनिया का सबसे जहरीला जानवर है। इसकी दुम देखिए... हमेशा धनुष की तरह ऊपर उठी रहती है। डंक मारने को तैयार। रेगिस्तानी लोमड़ी, कंगारू, चूहा तक इसके जहर से नहीं बचते। इसमें तेल बहुत कम होता है, पर जितना होता है अमृत समझिए। और इसे देखिए।’ उसने एक और बड़ी शीशी आगे बढ़ाई, ‘पहाड़ों की चट्टानों में रहने वाला। रूम के लोग अपने चोगे का एक हिस्सा इसके जहर से रंगवाते थे। कभी अचानक मरना पड़े तो उसे चाट लेते थे। बहुत से लोग इस तरह मरे हैं। मैंने तो सुना है कि सुकरात को भी इसी का जहर दिया गया था।’

लड़का भी मेज पर झुककर बिच्छू दखने लगा। उसने पहले कभी बिच्छू नहीं देखा था। कांच की बड़ी शीशी में बंद होने के बाद भी वह डरा रहा था। उसकी खाल बटी हुई रस्सी की तरह और चमकीली थी। लड़के ने इतना गहरा काला रंग कभी नहीं देखा था। न बादलों में, न लड़की के बालों में, न शहतूत में। लड़के ने सिर उठाकर मुतवल्ली को देखा। उसकी आंखें खुशी से चमक रही थीं।

‘पर मुझे जिंदा नहीं चाहिए’, वह बोला।

‘वह मैं दूंगा भी नहीं’, उस आदमी ने शीशियां वापस झोले में रख लीं।

‘मार कर ही दूंगा... तेल आप निकालिएगा।’

उसने एक बार लड़के को देखा फिर उठ गया।

‘बाकी बातें शाम को दुकान पर करूंगा। तब तक मैं मेडिकल काॅलेज जा रहा हूं। वहां भी इनकी जरूरत है।’

‘पर उन्हें ये मत देना।’

‘नहीं... उन्हें तो दुम निकले हुए मामूली बिच्छू दूंगा जो मारे-मारे फिरते हैं। ये आपके लिए रहेंगे।’ उसने पायजामे का नाड़ा खोलकर बांधा फिर झोला कंधे पर लटकाकर चला गया।

‘हां’, मुतवल्ली अब लड़के की ओर मुड़ा।

लड़के ने जेब से दरख्वास्त निकाल कर उसे दी। मुतवल्ली ने मेज पर रखा चश्मा आंखों पर चढ़ाया। दरख्वास्त पढ़ी। चश्मा उतारकर मेज पर रखा। चश्मे के पास कागज रखा। लड़के को देखा, फिर हंसा।

‘कमाल है! एक पेड़ की डालों से इतनी दुश्मनी... जैसे वह बिच्छू हो! अभी कुछ देर पहले इन्हीं डालों को काटने की एक दरख्वास्त और आई है।’ उसने दराज खोली और एक कागज निकालकर लड़के के सामने रख दिया।

उस पतझर में लड़के ने पांच झूठ बोले। उस पतझर में लड़की ने कितने बोले पता नहीं, पर पत्ते आने से पहले पेड़ की शाखाएं कट गईं।

   0
0 Comments